32 सप्ताह की गर्भावस्था में भ्रूण विकास
आपके शिशु का वजन अब लगभग एक बड़े मिश्रीकंद के जितना, करीब 1.7 किलोग्राम हो गया है। सिर से एड़ी तक उसकी लंबाई लगभग 42.4 सें.मी. (16.7 इंच) हो गई है। 32 सप्ताह के बाद से, समय से पहले जन्मे शिशुओं के जीवित रहने और बढ़ने की संभावनाएं काफी ज्यादा होती हैं, हालांकि उन्हें शुरुआत में सांस लेने में मदद की जरुरत हो सकती है। ऐसा इसलिए क्योंकि शिशु के जन्म से पहले तक उसके फेफड़े पूरी तरह विकसित नहीं हुए होते।
आपके शिशु के हाथों और पैरों की उंगलियों के नाखून अब पूरी तरह विकसित हो गए हैं। यदि शिशु को खुजलाहट महसूस हो, तो वह खुद को हल्के से खुजली भी कर सकती है। आपके शिशु के बाल भी घने हो रहे हैं, हालांकि जन्म के बाद ये झड़ सकते हैं।
इस चरण तक, आपका शिशु गर्भ में नीचे की तरफ सिर वाली अवस्था में लेटकर खुद को जन्म के लिए तैयार कर रहा होता है। यदि आपका शिशु अभी तक इस अवस्था में नहीं आया है, तो भी चिंतित न हों। अधिकांश शिशु 36 सप्ताह तक इस सिर के बल नीचे वाली अवस्था में आते हैं, इसलिए अभी आपके शिशु के पास अपनी मुद्रा बदलने का पर्याप्त समय है।
32 सप्ताह में जन्म देने से क्या होता है?