सात सप्ताह की गर्भावस्था में भ्रूण विकास
आपके गर्भस्थ शिशु की लंबाई अब लगभग 10 मि.मी. (लगभग ½ इंच से छोटी) है। उसका माप अब एक छोले के बराबर है। उसकी एक छोटी पूंछ भी है, जो उसकी पूंछ-अस्थि (टेलबोन-कोक्सीक्स) की ही बढ़त होती है। यह जल्द ही गायब हो जाएगी।
शिशु के सभी अंगों में नरम हड्डियां (कार्टिलेज) बन रही हैं और नसें उसकी टांगों में फैल रही हैं। उसकी बाजुएं अब लंबी हो रही हैं और कंधे, ऊपरी बाजू, अग्रबाजू और हाथ अलग से दिखने लगे हैं। आपको अभी महसूस नहीं होगा, मगर आपका शिशु गर्भ के भीतर हिलने-डुलने लगा है।
इस सप्ताह आपके शिशु का मस्तिष्क एक तिहाई बढ़ जाएगा। उसके दांत और तालु बन रहे हैं और सिर के दोनों तरफ कान विकसित हो रहे हैं। उसकी आंखें अभी भी विकास के शुरुआती चरण में हैं, मगर पारभासी सिलवटें पहले से ही छोटी-छोटी पलकें बना रही हैं।
यह सप्ताह शिशु के लिए विकास के बहुत व्यस्त चरण की शुरुआत है। जो अंग गर्भावस्था के एकदम शुरुआती हफ्तों में बनें थे, जैसे कि दिल और दिमाग, वे अब और अधिक विशिष्ट और परिष्कृत बनेंगे। अब और 20 सप्ताह के बीच आपका शिशु तेजी से बढ़ेगा।
7 सप्ताह की उम्र में कितने औंस होना चाहिए?