डिलीवरी के बाद क्या खाना चाहिए
डिलीवरी के बाद महिला का शरीर काफी नाजुक होता है, ऐसे में सही खानपान पर ध्यान देना जरूरी होता है, ताकि अच्छी तरह से पोषण मिले और किसी तरह का नुकसान न हो। डिलीवरी के बाद महिला नवजात शिशु को स्तनपान भी कराती है, जिस कारण से अधिक पोषण की जरूरत होती है। इसलिए, आपको डिलीवरी के बाद की डाइट सोच समझकर चुननी चाहिए। मॉमजंक्शन के इस लेख में हम डिलीवरी के बाद की डाइट के बारे में आपको विस्तार से बताएंगे। हम बताएंगे कि डिलीवरी के बाद आपको क्या खाना चाहिए और किन चीजों से परहेज करना चाहिए।
डिलीवरी के बाद क्या खाना चाहिए?
यह समझना जरूरी है कि प्रसव के बाद किस तरह के पौष्टिक तत्व आपको अपने खानपान में शामिल करने चाहिए, जो आपको पोषण दे सकें। नीचे हम नई मां की डाइट में शामिल होने वाले खाद्य पदार्थों की लिस्ट दे रहे हैं। ये सभी विटामिन, खनिज, प्रोटीन, आयरन, कैल्शियम और ओमेगा-3 एस से भरपूर हैं, जो नई मां के लिए जरूरी हैं। इनकी मदद से महिला को डिलीवरी के बाद सामान्य अवस्था में आने में मदद मिलती है (1)। आप इस डाइट को सी-सेक्शन के बाद भी ले सकती हैं (2)। फिर भी सी-सेक्शन के बाद और सही खानपान के लिए एक बार अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें।
दालें : एक अच्छी डाइट के लिए जरूरी है कि आपके खानपान में दालें जरूर शामिल हों। ये प्रोटीन, फाइबर, विटामिन और खनिज का बेहतर स्रोत हैं। आप हरी और लाल दाल उबाल कर खा सकती हैं या इनका हलवा बनाकर खाना भी बेहतर विकल्प है। दालें आपको ताकत देंगी। साथ ही अतिरिक्त फैट से भी बचाएंगी और प्रोटीन भी देंगी।
हरी सब्जियां : इनमें विटामिन-ए, विटामिन-सी और कैल्शियम प्रचुर मात्रा में होता है। इसके अलावा, इनमें कम कैलोरी पाई जाती हैं, जो प्रेगनेंसी के बाद के बढ़े हुए वजन को कम करने में मदद करती हैं। आप ब्रोकली, पालक, बीन्स, परवल और टिंडा जैसी हरी सब्जियों को अपने खानपान में जरूर शामिल करें।
डिलीवरी के बाद कौन सी सब्जी खानी चाहिए?