ठंड के मौसम में सर्दी-खांसी होना आम बात है। लेकिन गर्भावस्था में इम्यूनिटी सिस्टम के कमजोर होने की वजह से वायरल इंफेक्शन के फैलने का खतरा ज्यादा होता है। इसलिए ऐसी महिलाओं को अपना खास ख्याल रखने की जरूरत होती है। सर्दी-जुकाम होने पर किसी भी गर्भवती महिला को बिना डॉक्टर की सलाह के दवा नहीं लेनी चाहिए। लेकिन इन घरेलू नुस्खों के जरिए बचाव जरूर कर लेना चाहिए। तो चलिए जानें वौ कौन से घरेलू नुस्खें हैं जिनके जरिए खांसी और सर्दी से बचा जा सकता है।
गर्म पानी, चाय या सूप
सर्दी या खांसी की समस्या है तो गर्भवती महिलाएं केवल गुनगुना पानी पीकर भी राहत पा सकती हैं। इसके अलावा तुलसी, अदरक, शहद वाली चाय पीने से भी जुकाम और खांसी में राहत मिल सकती है। इसके साथ ही इन प्राकृतिक चीजों का बच्चे की सेहत पर बुरा असर भी नहीं पड़ेगा।
भाप से मिल सकती है मदद
अगर सर्दी होने पर बंद नाक परेशान कर रही है तो गर्म पानी की भाप भी फायदा पहुंचा सकती है। किसी बर्तन में पानी गर्म करके उसके ऊपर चेहरे को ले जाएं और सिर को तौलिए से ढंक लें। इससे बंद नाक खुल जाएगी और सिर में हो रहे दर्द में आराम मिल जाएगा।
शरीर को गर्म रखें
गर्भावस्था में महिलाओं को खुद का विशेष ध्यान रखना चाहिए। शरीर को गर्म कपड़ों से ढंक कर रखें। क्योंकि जुकाम के साथ बुखार होने पर ठंड लगती है जो बच्चे की सेहत के लिए भी ठीक नहीं है।
यूकेलिप्टस का तेल
अगर सर्दी होने पर बंद नाक से परेशानी हो रही है तो तकिया पर कुछ बूंदे यूकेलिप्टस के तेल की डाल कर सो जाएं। नाक में यूकेलिप्टस की महक जाएगी तो नींद अच्छी आएगी और बंद नाक में राहत मिलेगी।
प्रेगनेंसी में खांसी जुकाम हो तो क्या करें?